देश में कोरोनावायरस से संक्रमण के अब तक 144 मामले सामने आ चुके हैं। तीन लोगों की मौत हो चुकी है। पश्चिम बंगाल में 18 साल के एक युवक में कोरोनावायरस के पहले मामले की पुष्टि हुई है। वह ब्रिटेन से लौटा था। संक्रमण की आशंका के चलते दिल्ली सरकार ने एक और बड़ा फैसला लिया है। यहां धरना-प्रदर्शनों पर रोक लगा दी गई है। नागरिकता कानून के खिलाफ शाहीन बाग चल रहे प्रदर्शन को भी खत्म किया जा सकता है। उधर, रेलवे ने भी 76 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। इसके अलावा एक रेस्पॉन्स टीम का गठन किया गया है और रेलवे ने पूरे देश में गतिविधियों की मॉनीटरिंग के लिए ऑनलाइन सिस्टम बनाया है।
पुडुचेरी में संक्रमण का पहला मामला सामने आया है। यहां 68 वर्षीय महिला में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके बाद मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने राज्य को शटडाउन कर दिया है। बुधवार से इस महीने के अंत तक सभी स्कूल, कॉलेज, सिनेमा और जिम बंद कर दिया गया है।
महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित, यहां 41 मामले सामने आए
महाराष्ट्र में देशभर में सबसे ज्यादा 41 मामले सामने आए हैं। मंुबई पुलिस ने पब, डांस बार, डिस्कोथेक और इसी तरह के सार्वजनिक स्थलों को 31 मार्च तक बंद रखने के लिए कहा है। पुलिस राज्य के समुद्र तटों को भी खाली करवा रही है। पुलिस ने वॉट्सऐप पर फेक न्यूज पहुंचाने वाले एक व्यक्ति पर केस दर्ज किया है। हालांकि, बस और ट्रेन जैसी जरूरी सेवाएं जारी रखी गई हैं। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि ये जरूरी सेवाएं हैं और इसलिए अभी इन्हें बंद करने का फैसला नहीं लिया गया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि हम लोगों से यह अपील जरूर कर रहे हैं कि वे अनावश्यक यात्राओं से बचें।